Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

KAUSHAMBI NEWS: मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिला पोषण समिति एवं कन्वर्जेंस विभागों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी रविंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण, ऑपरेशन कायाकल्प, लर्निंग लैब, पोषाहार वितरण, गर्भवती महिलाओं को पुष्टाहार, एनआरसी में बच्चों की भर्ती, पोषण ट्रैकर फीडिंग और ई-कवच रिपोर्ट की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषाहार का समय से वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पोषण ट्रैकर व ई-कवच पोर्टल पर डेटा की शत प्रतिशत फीडिंग समय से कराई जाए। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने स्पष्टीकरण मांगा। इसी तरह मलवा और भिटौरा विकास खंडों के नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का हैंडओवर और संचालन रिपोर्ट न देने पर संबंधित सीडीपीओ से भी जवाब तलब किया गया। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से और समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए तथा सीडीपीओ और खंड विकास अधिकारी निर्माण के दौरान निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प के सभी पैरामीटरों के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों को संतृप्त किया जाए। डीएम ने सीएमएस को निर्देश दिए कि एनआरसी में बच्चों की भर्ती की प्रक्रिया शासन की गाइडलाइन के अनुसार लिखित रूप में उपलब्ध कराई जाए। बैठक में यह भी कहा गया कि बीएचएनडी सत्रों में महिलाओं, बच्चों और किशोरियों की सभी जांचें कराई जाएं तथा स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बच्चों का वजन और लंबाई दर्ज करने, तथा सैम/मैम बच्चों की पहचान कर उन्हें शासन की सुविधाएं दिलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, डीसी एनआरएलएम, अधिशासी अभियंता आरईएस, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी और सभी सीडीपीओ उपस्थित रहे।