Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने किया शुभारम्भ, कृषकों से पराली न जलाने व मिलेट्स की खेती बढ़ाने की अपील
FATEHPUR NEWS: मंगलवार को सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में श्री अन्न (मिलेट्स) रेसिपी प्रतियोगिता, तिलहन मेला, फसल अवशेष गोष्ठी और रबी उत्पादकता गोष्ठी-2025 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने दीप प्रज्वलित कर किया। मिलेट्स रेसिपी प्रतियोगिता में जिले के पाँच होटल और रेस्टोरेंटों ने हिस्सा लिया। इनमें चौहान स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, रामा स्वीट हाउस, मुखलाल स्वीट हाउस, हाइड आउट स्वीट्स और द्विवेदी रेस्टोरेंट शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने चौहान स्वीट्स बाकरगंज को प्रथम स्थान, रामा स्वीट हाउस को द्वितीय और मुखलाल स्वीट हाउस को तृतीय स्थान पर चुना। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने कृषकों से फसल अवशेष और पराली न जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान पराली को गौशालाओं में दें, जिसके बदले उन्हें गोबर की खाद प्राप्त हो सकती है। उन्होंने किसानों से श्री अन्न (मिलेट्स) की खेती को बढ़ावा देने और इसे अपने आहार में शामिल करने की अपील की। सीडीओ ने यह भी कहा कि सभी किसान फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराएँ, ताकि उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान उप कृषि निदेशक सत्येंद्र सिंह ने रबी, तिलहनी और दलहनी फसलों की नई प्रजातियों की जानकारी दी और किसानों से फसल अवशेष न जलाने की अपील की।
उद्यान निरीक्षक सुनील कुमार ने सब्जी और बागवानी की उन्नत तकनीकें बताईं। इफ्को प्रतिनिधि अरविंद कुमार ने नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग के फायदे बताए। कृषि वैज्ञानिक डॉ. साधना वैश्य और डॉ. जितेंद्र सिंह ने मिलेट्स की खेती, प्रसंस्करण और जैविक खाद के उपयोग पर किसानों को विस्तार से जानकारी दी।
प्रगतिशील किसान शैलेन्द्र पटेल (औंग) और बजरंग सिंह (कोरसग) ने भी अपने खेती के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, राष्ट्रीय जलागम विभाग के अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक सहित बड़ी संख्या में किसान और होटल प्रतिनिधि उपस्थित रहे।