Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता ने बिहार में तेजस्वी के नेतृत्व मे सरकार बनने के मंत्री के आकलन को बताया सटीक
PRATAPGARH NEWS: राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लालकिला मेट्रो स्टेशन के समीप हुए धमाके को दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण तथा चिन्ताजनक कहा है। उन्होने धमाके में मृतक नौ लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा है कि धमाके के ठीक पहले फरीदाबाद में दो हजार नौ सौ किलोग्राम विस्फोटक का बरामद होना पहले ही देश की चिन्ता को बढ़ा गया था। उन्होने कहा कि देश की राजधानी में यह आतंकी विस्फोट राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी है। वही उन्होने कहा कि सरकार जांच में इस बिंदु को अवश्य केन्द्रित रखे कि इस भयावह घटना के पीछे कहीं न कहीं से गंभीर चूक हुई है। उन्होने केन्द्र से कहा है कि वह इस घटना के सभी तथ्यों की सावधानीपूर्वक जांच कराते हुए सुनिश्चित करे कि इस प्रकार की आतंकी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके। उन्होने कहा कि पहली दिसंबर से संसद के लोकसभा व राज्यसभा का सत्र शुरू हो रहा है। विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष संसद के भीतर फरीदाबाद में रासायनिक जहर के विस्फोटक पदार्थो व नई दिल्ली के धमाके पर सरकार के समक्ष गंभीर सवाल उठायेगी। उन्होने भरोसा जताया कि संसद सत्र में केन्द्र सरकार हमले के साथ विस्फोटक की बरामदगी का देश को विस्तार से जानकारियां प्रदान कर सकेगी। वहीं बिहार चुनाव को लेकर यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के वहां राजद व कांग्रेस महागठबंधन सरकार बनने के बयान को पूरी तरह सही आकलन करार दिया है। उन्होने कहा कि गंगा के उस पार बिहार प्रदेश है। प्रदेश के मंत्री राजभर को भी वहां की सियासत की जानकारियां हैं। सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि इतिहास गवाह है कि बिहार में जब कभी भी साठ प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है वहां राजद की सरकार चुनी गयी है। उन्होने कहा कि पहले ही चरण में बिहार में पैंसठ प्रतिशत से अधिक मतदान का राजनैतिक संदेश यही है कि वहां इस बार तेजस्वी के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी का बयान मंगलवार को मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल के हवाले से निर्गत हुआ है।