भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल की सतर्कता, 20 लाख रुपए की अवैध भारतीय करेंसी बरामद

SIDHARTHNAGAR NEWS: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल की गश्ती टीम ने सोमवार सुबह लगभग 9 बजे एक बड़ी कार्यवाही करते हुए 20 लाख रुपए की अवैध भारतीय मुद्रा बरामद की। यह बड़ी बरामदगी सीमा पार तस्करी के जाल को एक बड़ा झटका देती है। सहायक कमांडेंट अजय कुमार ने बताया कि खुफिया जानकारी मिली थी कि कृष्णा नगर (नेपाल) का निवासी सचिन अग्रवाल नामक व्यक्ति अवैध रूप से भारतीय मुद्रा लेकर नेपाल की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही समयाय प्रभारी ने तत्काल उप-निरीक्षक चूरामणि के नेतृत्व में तीन जवानों की एक गश्ती टीम गठित कर बताए गए स्थान पर रवाना किया। गश्त के दौरान, दल ने स्तंभ संख्या (पिलर नंबर) 567 से लगभग 100 मीटर भारत की तरफ एक काले रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल (संख्या यूपी 40 एइ 8769) पर सवार व्यक्ति को नेपाल सीमा की ओर जाते देखा। जवानों ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो उसने मोटरसाइकिल की रफ़्तार बढ़ा दी और मौके से फरार होने की कोशिश की। इसी आपाधापी में, मोटरसाइकिल सवार से एक गुलाबी रंग की प्लास्टिक थैली गिर गई। जवानों ने तुरंत थैली को कब्जे में लिया, जबकि मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति सीमा पार कर नेपाल की ओर भाग निकला। वीडियो रिकॉर्डिंग के तहत थैली की जाँच की गई, जिसमें 500 रुपए के नोटों की 40 गड्डियाँ बरामद हुईं। बरामद भारतीय मुद्रा का कुल मूल्य 20 लाख रुपये पाया गया। सभी नोटों की क्रम संख्या दर्ज कर ज़ब्ती ज्ञापन (सीजर मेमो) तैयार किया गया। सशस्त्र सीमा बल ने आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए बरामद की गई 20 लाख की राशि को विधिवत रूप से राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) गोरखपुर दल को सुपुर्द कर दिया। इस बरामदगी में गश्ती दल के जवान आनंद मिश्रा, कृष्णा मौर्या और रामेश्वर यादव शामिल रहे। सशस्त्र सीमा बल की इस सतर्कता और त्वरित कार्यवाही से एक बड़ी रकम नेपाल में तस्करी होने से बचाई गई, जिससे सीमा पर सुरक्षा बलों की मुस्तैदी साबित होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *