Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

अधिवक्ता हत्या के बाद पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाने पहुँचे, जताया शोक
PRATAPGARH NEWS: लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की एक सौ पचासवीं जयंती को लेकर बुधवार को लालगंज में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की अगुवाई में भव्य यूनिटी मार्च निकाला गया। वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व मंत्री प्रो0 शिवाकांत ओझा के संयोजन में सरस्वती डिग्री कॉलेज से अवधेश विद्या निकेतन तक निकाले गए यूनिटी मार्च में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में राष्ट्रगान के बाद यूनिटी मार्च को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाई। यूनिटी मार्च में तिरंगा झंडा लेकर प्रदेश अध्यक्ष खुद भी कार्यकर्ताओं के साथ निकले। मार्च के दौरान सरदार पटेल अमर रहें, भारत माता की जय और एक भारत, श्रेष्ठ भारत जैसे नारे गूंजते रहे। मार्च के समापन पर सरस्वती डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा सरदार वल्लभभाई पटेल ने अखंड भारत के स्वप्न को साकार किया। आज जब देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है, तब हमें सरदार पटेल की एकता की भावना को आत्मसात करने की आवश्यकता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार देश की एकता व अखण्डता और विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने छात्रों को सरदार पटेल के विचारों को आत्मसात करने और समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता प्रोफेसर शिवाकांत ओझा ने भी सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने का सभी को संकल्प दिलाया। पूर्व ब्लाक प्रमुख इं. पूर्णांशु ओझा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कॉलेज के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से समरसता और सद्भाव का संदेश दिया। इसके पश्चात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी सांगीपुर के पहाड़पुर के बवरिहा गांव में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बालकृष्ण पाण्डेय के घर पहुंचे। यहां उन्होंने बालकृष्ण के पिता स्व0 अधिवक्ता रुद्र प्रताप पाण्डेय के परिजनों को ढांढ़स बंधाया और उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया। उन्होंने कहा कि दुःख कि इस घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। बतादें कि भाजपा नेता बालकृष्ण पांडेय के पिता अधिवक्ता रुद्र प्रताप पाण्डेय की पखवारे भर पहले मारपीट कर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लखनऊ वापस रवाना हो गए। भाजपा का कार्यकर्ताओं ने उनका रास्ते मे जगह-जगह स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, जिला प्रभारी कौशलेंद्र पटेल, सदर विधायक राजेंद्र मौर्य, पूर्व सांसद संगमलाल गुप्ता, जिला मंत्री अजय वर्मा, नागेश प्रताप सिंह छोटे सरकार, रमेश प्रताप सिंह, ओमप्रकाश तिवारी, सुरेश सिंह, ओमप्रकाश पाण्डेय, रामजी मिश्रा, राजेन्द्र मिश्र, पप्पू जायसवाल, सत्यप्रकाश सेनानी, भाजपा महिला मोर्चा प्रतिभा सिंह, राजेश तिवारी, अमित प्रताप सिंह, रिंकू शुक्ल आदि मौजूद रहे।