Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

आईटीआई कॉलेज में छात्रों को दी गई ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी
FATEHPUR NEWS: प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और आम लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को राजकीय आईटीआई कॉलेज फतेहपुर में साइबर थाना टीम द्वारा जनजागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अपराध बृज मोहन राय के नेतृत्व में हुई इस कार्यशाला में साइबर थाना के निरीक्षक रविंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय और कांस्टेबल अरुण कुमार ने छात्रों को साइबर अपराध से बचाव के तरीके बताए। अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी बैंकिंग फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैनिंग, व्हाट्सएप हैकिंग, फर्जी ऐप्स, ऑनलाइन लोन स्कैम, निवेश और गेमिंग ऐप के जरिए लोगों को ठगते हैं। ऐसे मामलों से बचने के लिए किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें। कार्यशाला में छात्रों को बताया गया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय की साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट www.cybercrime.gov.in के माध्यम से तुरंत शिकायत दर्ज की जा सकती है। इससे अपराध पर शीघ्र कार्रवाई संभव होती है। टीम ने सेक्सटॉर्शन और न्यूड कॉल ब्लैकमेलिंग जैसे मामलों पर विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अजनबियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और अनजान नंबरों की वीडियो कॉल का जवाब देने से बचें। इस मौके पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डी.के. श्रीवास्तव, राजोल सिंह, विनय तिवारी, रश्मि सचान, श्रद्धा सहित शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। इसी क्रम में जनपद के अन्य थानों में भी साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।