Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह ने किया शुभारंभ, सरदार पटेल की जयंती पर दिखी भाजपा की एकजुटता
FATEHPUR NEWS: जनपद के खागा तहसील क्षेत्र में बुधवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ घुन्नी सिंह के नेतृत्व में “यूनिटी मार्च” का आयोजन किया गया। इस यात्रा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के जनपद प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह ने किया। उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया। मार्च की शुरुआत खागा के चौकी चौराहा स्थित महाराणा प्रताप सिंह की प्रतिमा स्थल से हुई, जहां से यह यात्रा प्रमुख मार्ग से होते हुए प्रेमनगर तक पहुंची। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक, व्यापारी, युवजन और आम नागरिक शामिल हुए। सभी ने हाथों में राष्ट्रीय झंडे और सरदार पटेल के चित्र लिए हुए थे तथा “एक भारत – श्रेष्ठ भारत” के नारे लगा रहे थे। इस दौरान प्रभारी मंत्री अजीत पाल सिंह ने कहा कि “सरदार पटेल के आदर्श आज भी हमारी राजनीति और समाज को दिशा दे रहे हैं। यह यूनिटी मार्च सिर्फ एक यात्रा नहीं बल्कि यह देश की अखंडता और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है।” वहीं इस अवसर पर पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह (घुन्नी सिंह) ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्र भारत की 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत की अखंडता को सुरक्षित किया। यदि उनके अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण न होता, तो शायद आज भारत इतना एकजुट न होता।” उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। मार्च के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया। विशेष रूप से इश्तियाक बेग उर्फ भुट्टू भाई द्वारा प्रेमनगर में भव्य स्वागत एवं विशाल भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने सहभागिता की। इस दौरान चौकी चौराहा के बाद अरबीना ट्रेडर्स के मालिक शाहरुख ने उसके बाद राजकुमार मौर्य द्वारा स्वागत किया गया। इसी कड़ी में भीखमपुर मोड़ पर ऐरायां मशायख प्रधान वीरेन्द्र मौर्या, सराएं मोड़ पर ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार एवं युवा समाजसेवी मोहम्मद जाहिद, उसरहा पुरवा में राजीव गुप्ता (श्यामू), सुल्तानपुर घोष मोड़ पर कोटेदार रज्जन सिंह तथा रामपुर मोड़ पर देवारा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नरेंद्र यादव (पुल्ली भाई) ने यात्रा का स्वागत किया एवं अल्पाहार कराया। यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल, पूर्व विधायक करण सिंह पटेल, ब्लॉक प्रमुख ऐरायां अनुज प्रताप सिंह, पार्टी पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा तथा वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन किया गया।