Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

व्यवस्थाओं में लापरवाही पाए जाने पर दिए कठोर कार्यवाही के निर्देश
FATEHPUR NEWS: मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने गुरुवार को वाजिदपुर स्थित गौ आश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चारा-पानी की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा एवं गोवंशों के स्वास्थ्य की स्थिति का विस्तृत परीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि अभिलेखों का संधारण अद्यतन नहीं है तथा उनमें लापरवाही बरती जा रही है। इस पर सीडीओ ने संबंधित सचिव एवं पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि वे गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करें तथा चारा, पानी एवं स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय वाहिदपुर, विकासखंड बहुआ का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति पंजिका एवं एमडीएम पंजिका का अवलोकन किया, जिसमें छात्रों की वास्तविक संख्या में उल्लेखनीय अंतर पाया गया। विद्यालय में कक्षा 6 एवं 7 का पाठ्यक्रम (सिलेबस) पिछड़ा हुआ पाया गया तथा यह भी पाया गया कि अर्धवार्षिक परीक्षा निकट होने के बावजूद अब तक केवल 20-30 प्रतिशत सिलेबस ही पूरा किया गया है। छात्रों से पूछे जाने पर शैक्षिक स्तर अत्यंत निम्न पाया गया। सीडीओ ने यह भी पाया कि विद्यालय में टाइम-टेबल के अनुसार कक्षाएं संचालित नहीं की जा रहीं और स्वयं प्रधानाचार्य द्वारा भी अपने विषय का सिलेबस पूरा नहीं किया गया है। निरीक्षण में प्रधानाचार्य के सुधारात्मक पर्यवेक्षण का पूर्ण अभाव पाया गया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी बहुआ को निर्देश दिए कि वे समस्त तथ्यों की विस्तृत जांच कर प्रधानाचार्य एवं संबंधित स्टाफ के विरुद्ध उचित कार्यवाही सुनिश्चित करें।