70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल लखीमपुर खीरी द्वारा निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन

LAKHIMPUR KHERI NEWS: मुकेश कुमार गौतम, कार्यवाहक कमांडेंट, 70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल लखीमपुर खीरी-II के मार्गदर्शन में 70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा “एफ” समवाय रापुरवा-79 के कार्यक्षेत्र में ग्राम अम्बा में ग्रामीण नागरिकों के कल्याणार्थ एक दिवसीय निःशुल्क मानव चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।  इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में निवास करने वाले ग्रामीण नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नागरिकों में स्वस्थ जीवनशैली के प्रति रुचि उत्पन्न करना था।शिविर में लगभग 90 ग्रामीण (पुरुष, महिलाएँ एवं बच्चे) शामिल हुए, जिनकी स्वास्थ्य जांच की गई एवं आवश्यक दवाएँ निःशुल्क वितरित की गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम गीत के साथ किया गया। तत्पश्चात उपस्थित नागरिकों को चिकित्सा दल द्वारा जांच प्रक्रिया, रोग-निवारण उपायों एवं स्वच्छता संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।चिकित्सा दल ने ग्रामीणों को मौसम परिवर्तन से संबंधित बीमारियों, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा प्राथमिक उपचार के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। बलकर्मियों ने नागरिकों को समझाया कि छोटी-छोटी सावधानियाँ अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।  ग्राम अम्बा के ग्रामीणों ने सशस्त्र सीमा बल के इस मानवीय एवं समाजोपयोगी प्रयास की प्रशंसा की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुँच और जन-जागरूकता बढ़ाने में अत्यंत सहायक हैं। शिविर के संचालन तथा डॉ. राजपाल सिंह (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहीपुरवा) व 70वीं वाहिनी एसएसबी की चिकित्सा दल एवं समवाय कार्मिको का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें स्वास्थ्य, पर्यावरण, शिक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से संबंधित विषयों पर प्रेरित किया।इस अवसर पर हरि सिंह, सहायक कमांडेंट, सहायक उप निरीक्षक (फार्मासिस्ट) मनोज कुमार सहित अन्य बलकर्मी उपस्थित रहे।70वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल लखीमपुर खीरी का यह सतत प्रयास सीमांत क्षेत्रों में जनसंपर्क सुदृढ़ करने, नागरिक कल्याण को प्रोत्साहित करने और बल एवं समाज के मध्य विश्वास एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।सशस्त्र सीमा बल सदैव अपने ध्येय वाक्य “सेवा, सुरक्षा एवं बंधुत्व” के अनुरूप समाज की सेवा में समर्पित है। ऐसे नागरिक कल्याण कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे सीमांत क्षेत्रों के नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *