Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

सीडीओ अभिषेक कुमार की पहल से खीरी को मिला 70 लाख की हाईटेक जिम का तोहफा, 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक का सपना भी जल्द होगा साकार
LAKHIMPUR KHERI NEWS: गुरुवार को कभी मिट्टी के ट्रैक पर दौड़ लगाकर ख्वाब बुनने वाले खिलाड़ियों के चेहरे अब चमक से भर उठे हैं।सीडीओ अभिषेक कुमार की पहल ने लखीमपुर खीरी के खेल प्रेमियों के दिलों में नई उम्मीद जगा दी है। अब जिले को मिलने जा रही है 70 लाख रुपये की लागत से बनी अत्याधुनिक मशीनरी युक्त जिम, जो जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम लालपुर में तैयार होगी।
यह सिर्फ एक जिम नहीं, बल्कि खीरी के युवाओं के सपनों को आकार देने वाली पहल है। सीडीओ के प्रस्ताव पर शासन ने स्वीकृति दे दी है, जबकि 8 लेन की 400 मीटर सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का प्रस्ताव भी जल्द मंजूरी की ओर है। इस ट्रैक पर कल के खिलाड़ी अपने सुनहरे भविष्य की ओर दौड़ेंगे। सीडीओ ने किया स्टेडियम के निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण, दिए निर्देश
जिले के खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है। जल्द ही लालपुर स्थित जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर नई पहचान बनने जा रहा है। गुरुवार को सीडीओ अभिषेक कुमार ने स्टेडियम पहुंचकर निर्माणाधीन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बैडमिंटन कोर्ट लगभग तैयार मिला, जबकि स्विमिंग पूल में 80 फ़ीसदी काम पूरा पाया गया। बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट में तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं डॉरमेट्री व शौचालय का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। खेल गतिविधियों को डे-नाइट कराने के उद्देश्य से स्टेडियम परिसर में 6 हाई मास्ट लाइटें भी स्थापित की जा चुकी हैं। अब खिलाड़ी रोशनी में देर रात तक अभ्यास कर सकेंगे। सीडीओ ने कहा कि स्टेडियम सिर्फ एक ढांचा नहीं, बल्कि खीरी के युवाओं के सपनों का केंद्र है। यहां हर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि जिले के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय पटल पर अपनी पहचान बना सकें। स्टेडियम का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूर्ण करने की सीमा तय है, लेकिन लक्ष्य है कि एक वर्ष पहले ही इसे पूरा किया जाए।