Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

KAUSHAMB NEWS: बाल दिवस की संध्या बेला पर कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के सभागार में ज्ञान की दिशा में एक नई पहल के रूप में ‘निपुण कौशांबी’ पत्रिका का विमोचन मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ कमलेन्द्र कुशवाहा के कर कमलों द्वारा हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया। बेसिक शिक्षा विभाग की शैक्षिक उपलब्धियों की दस्तावेजी यात्रा रूपी पत्रिका का संपादन जनपद के एसआरजी ओमप्रकाश सिंह ने किया है जबकि पत्रिका के निर्माण व संकलन में राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हरिओम सिंह व लेखन में बीरेंद्र कुमार का विशेष योगदान है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि यह पत्रिका पन्नों का संकलन नहीं बल्कि हमारे जिले की शैक्षिक चेतना, सृजनशीलता और नवाचार का सजीव दस्तावेज है। यह पत्रिका शिक्षकों के कार्यों का दर्पण बनकर आगे की दिशा में प्रेरक स्तंभ का कार्य करेगी लेकिन शिक्षकों को मैं की भावना से ऊपर उठकर टीम भावना से कार्य करना होगा। शैक्षिक समृद्धि की अनुगूंज और परिवर्तन की गाथा रूपी पत्रिका में जनपद में सराहनीय रचनात्मक प्रयास कर रहे शिक्षकों के प्रयासों को समाहित किया गया है। अब स्वागत समारोह में अतिथियों को बुके की जगह बुक देकर और माला की जगह पुस्तकों की माला पहनाकर स्वागत करें जिससे किताबों की पढ़ाई का माहौल पुनः हो सकें। इसके बाद मुख्य अतिथि ने शिक्षा में रचनात्मक कार्य करने वाले शिक्षकों दीपनारायण मिश्र, बीरेंद्र कुमार, मनमोहन सिंह, सत्य प्रकाश, अरुण कुमार, प्रभाकांत माली , रामकृष्ण साहू, विकास कुमार, अनुराग मिश्र, भास्कर मिश्र, पूनम सिंह, सुमन कुशवाहा, रूबी शर्मा, प्रतिमा कुमारी, अजय सिंह, सौरभ श्रीवास्तव शिक्षक सहित ए आर पी पुष्पेंद्र सिंह और पत्रिका के संपादक डॉ. ओम प्रकाश सिंह संकलनकर्ता हरिओम सिंह को प्रमाणपत्र, अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया। अंत में पत्रिका संपादक मंडल ने मुख्य अतिथि को भगवान बुद्ध की प्रतिमा देकर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन रामकृष्ण ने किया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक अवधेश मिश्र, धर्मनाथ, बीरेंद्र सिंह, योगेश तिवारी, विकास मौर्य सहित कई कई लोग उपस्थित रहे।