Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

सिराथू ब्लॉक के ग्राम उदहिन बुजुर्ग पशुचिकित्सालय में नियमित डॉक्टर और स्टाफ की नियुक्ति हो:अजय सोनी
KAUSHAMBI NEWS: समर्थ किसान पार्टी के तत्वावधान में शनिवार 15 नवम्बर को जिले के कई गांवों जैसे उदहिन बुजुर्ग, फत्तेपुर बेला, मनौरी, सरसवा, महुआखाडा आदि में ग्राम मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्रामीणों और किसानो की समस्यायों को लेकर चर्चा हुई। सिराथू ब्लॉक के ग्राम उदहिन बुजुर्ग में मासिक बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने कहा कि सिराथू ब्लॉक के सीमावर्ती क्षेत्रों के हजारों पशुपालकों के लिए ग्राम उदहिन बुजुर्ग में पशुचिकित्सालय की शासन द्वारा काफी समय पूर्व स्थापना कराई गई थी जहां रोजाना तमाम बीमार पशुओं का इलाज होता था। इस से पशुपालकों को काफी राहत मिलती थी। इधर कई सालों से उदहिन बुजुर्ग पशुचिकित्सालय बुरी तरह से दुर्दशा का शिकार है। पशु चिकित्सालय का भवन बेहद जर्जर और ध्वस्त है, पशु चिकित्सालय परिसर में ग्रामीण कूड़ा फेकते हैं और शाम से ही अराजक तत्वों का पशु चिकित्सालय परिसर में जमावड़ा लग जाता है जिससे पूरा पशुचिकित्सालय अराजकता का शिकार है। इतना ही नहीं बल्कि यहां नियमित डॉक्टर और स्टाफ की नियुक्ति न होने से क्षेत्र के हजारों पशुपालकों को अपने बीमार पशुओं के इलाज के लिए मजबूरन प्राइवेट पशु चिकित्सको का सहारा लेना पड़ता है जिससे पशुपालकों का भारी आर्थिक शोषण होता है। अप्रशिक्षित और बगैर सरकारी डिग्री के प्राइवेट पशु चिकित्सक इलाज के नाम न सिर्फ पशु पालकों का आर्थिक शोषण करते हैं बल्कि पशुओं के जीवन के साथ भी खिलवाड़ करते हैं जिससे कई बार पशुओं की मौत तक हो जाती है और पशुपालक हाथ मल कर रह जाता है। आगे कहा कि इस समस्या के समाधान हेतु मेरे द्वारा कई बार लिखित शिकायत की गई, साथ ही जिला पंचायत की सदन में भी यह मांग उठाई गई कि ग्राम उदहिन बुजुर्ग पशुचिकित्सालय में नियमित पशु चिकित्सक और पशु स्टाफ की नियुक्ति की जाए, पशु दवाओं की समुचित व्यवस्था हो लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। इसी के साथ अजय सोनी ने बताया कि उदहिन बुजुर्ग पशु चिकित्सालय की तरह ही जिले के कई अन्य पशुचिकित्सालय भी दुर्दशा के शिकार हैं जहां न नियमित पशुचिकित्सक तैनात हैं और न ही बीमार पशुओं का इलाज हो पाता है। इस संबंध में अजय सोनी ने बैठक में मांग उठाई कि ग्राम उदहिन बुजुर्ग समेत जिले के जिन पशुचिकित्सालयो में नियमित पशु चिकित्सक और पशु स्टाफ की नियुक्ति नहीं है, दवाओं की समुचित व्यवस्था नहीं है, वहां नियमित पशुचिकित्सको, पशु स्टाफ की नियुक्ति की जाए, साथ ही पशु दवाओं की समुचित व्यवस्था कराई जाए अन्यथा जिला स्तरीय विभागीय कार्यालय का घेराव किया जायेगा। इस अवसर पर अनिल सिंह पटेल, अभिषेक पाल, राम सुमेर पाल, सुरेश यादव, नसीम अहमद, मो अकरम समेत कई लोग मौजूद रहे।