Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

दमन में सप्त दिवसीय 21 कुंडीय शिव शक्ति अर्धनारीश्वर महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ का हुआ आयोजन
SONBHADRA NEWS: गुप्तकाशी सेवा ट्रस्ट द्वारा दमन में आयोजित सप्तदिवसीय 21 कुंडीय शिव–शक्ति अर्धनारीश्वर महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ के पावन अवसर पर ११ से १५ नवम्बर तक पंच दिवसीय निःशुल्क पूरक चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। विश्व की द्वितीय किन्नर कथावाचक परम पूज्य बहन हेमलता सखी जी के दिव्य सानिध्य में चल रहे इस महायज्ञ में जनकल्याण को सर्वोच्च महत्व दिया गया, जिसमें दूर-दूर से आए सैकड़ों श्रद्धालु लाभान्वित हुए। इस चिकित्सा शिविर की विशेषता यह रही कि योगदर्शनाचार्य स्वामी ध्यानानंद जी तथा गुप्तकाशी सेवा ट्रस्ट के संस्थापक, अथर्ववेद धूपन चिकित्सा के अध्यक्ष और विख्यात समाजसेवी रवि प्रकाश चौबे जी ने स्वयं उपस्थित होकर प्राकृतिक आयुर्वेदिक चिकित्सा, योग चिकित्सा एवं फीजियोथेरेपी के माध्यम से सैकड़ों असाध्य रोगियों का उपचार किया। सबसे उल्लेखनीय तथ्य यह रहा कि रवि प्रकाश चौबे जी लगभग 1800 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करके गुप्तकाशी से दमन/दिऊ पहुँचे और बिना किसी विश्राम के लगातार अनेक रोगियों की सेवा में जुटे रहे। उनकी इस त्यागमयी सेवा भावना से पूरा परिसर भाव-विभोर हो उठा। आयोजन समिति के अनुसार, शिविर में—पुरानी दर्द एवं नस-जोड़ संबंधी तकलीफें स्नायविक समस्या, सर्वाइकल, कमर दर्द, घुटना दर्द, श्वसन संबंधी परेशानियाँ तथा अन्य जटिल रोगों का प्राकृतिक व योग आधारित उपचार किया गया। शिव–शक्ति अर्धनारीश्वर महायज्ञ के साथ-साथ परम पूज्य कथा व्यास हेमलता सखी द्वारा श्रीमद् भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा भी प्रतिदिन चल रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर आध्यात्मिक लाभ ले रहे हैं। गुप्तकाशी सेवा ट्रस्ट का यह मानव–कल्याणमयी प्रयास समाज में स्वास्थ्य, सेवा और अध्यात्म की त्रिवेणी को सशक्त रूप से स्थापित कर रहा है। आयोजन स्थल पर भक्तों और स्थानीय लोगों ने चिकित्सा सेवा टीम के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उक्त अवसर पर वारिष्ठ समाजसेवी रमेश चतुर्वेदी, ट्रस्ट के मिडिया प्रभारी सौरभ कान्त पति तिवारी, पार्थ सारथी, अंगद मिश्रा आदि लोग उपस्थित रहे।