Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

PRATAPGARH NEWS: पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात अनिल कुमार राय के नेतृत्व में नवंबर यातायात माह के अंतर्गत जिलेभर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता के विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उपनिरीक्षक संतोष शुक्ला की सक्रिय भूमिका के साथ यातायात पुलिस विभाग ने एक महत्वपूर्ण जनजागरूकता अभियान चलाया। उपनिरीक्षक संतोष शुक्ला अपनी टीम के साथ शहर के प्रमुख चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर आमजनमानस को यातायात नियमों के बारे में जागरूक करते नजर आए। अभियान के दौरान उपनिरीक्षक संतोष शुक्ला ने लोगों को बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना न केवल कानूनी दायित्व है, बल्कि अपनी और दूसरों की जान बचाने के लिए भी बेहद आवश्यक है। उपनिरीक्षक संतोष शुक्ला ने हेलमेट पहनने, सीटबेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग न करने और यातायात संकेतों का पालन करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए हर नागरिक को सतर्क रहते हुए नियमों का पालन करना चाहिए। अभियान की सबसे विशेष पहल उपनिरीक्षक संतोष शुक्ला के नेतृत्व में देखने को मिली, जहां नियमों का उल्लंघन करने वालों को दंड देने के बजाय फूल देकर जागरूक किया गया। उपनिरीक्षक संतोष शुक्ला ने बताया कि इस सकारात्मक प्रयास का उद्देश्य लोगों में सुधार की भावना उत्पन्न करना है, ताकि वे स्वयं प्रेरित होकर यातायात नियमों का पालन करें। कई लोगों ने फूल प्राप्त करने के बाद स्वीकार किया कि उनकी गलती उन्हें सुधार के लिए प्रेरित करेगी और आगे से वे नियमों का पूर्ण रूप से पालन करेंगे। उपनिरीक्षक संतोष शुक्ला ने कहा कि यातायात जागरूकता केवल एक माह का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें समाज के हर नागरिक की भागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि यदि लोग स्वयं सतर्क होकर नियमों का पालन करें, तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। उपनिरीक्षक संतोष शुक्ला ने यह भी बताया कि पुलिस विभाग जागरूकता रैलियों, जनसंपर्क कार्यक्रमों, स्कूल–कॉलेजों में सेमिनारों और सोशल मीडिया अभियान के माध्यम से लगातार नागरिकों को सुरक्षित यातायात का संदेश दे रहा है।अंत में उपनिरीक्षक संतोष शुक्ला ने जनता से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों, बच्चों व परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन का आधार है, और इसके लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सड़क पर सावधानी एवं अनुशासन बनाए रखना चाहिए।