Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: कंपोजिट विद्यालय सूदनपुर, विजयीपुर द्वारा बाल दिवस के उपरांत एक शैक्षिक भ्रमण का आयोजन किया गया। विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, इस भ्रमण में 169 छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, एसएमसी अध्यक्ष और अध्यापकों ने भाग लिया। इस दौरान मंडल प्रयागराज के चार जनपदों के प्रमुख ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों का अवलोकन किया गया। यात्रा का शुभारंभ जनपद के लिहई स्थित भुइयन बाबा मंदिर और विशाल वटवृक्ष के दर्शन से हुआ। इसके बाद दल सिराथू रेलवे स्टेशन पहुंचा, जहां बच्चों ने पहली बार ट्रेन को करीब से देखा। अगला पड़ाव कौशांबी जिले का कड़ा धाम रहा, जहां छात्रों ने राष्ट्रीय नदी गंगा के तट पर उसके उद्गम, प्रवाह और सहायक नदियों के बारे में शिक्षकों से जानकारी प्राप्त की। बच्चों ने शीतला धाम के भी दर्शन किए। इसके बाद भ्रमण दल प्रतापगढ़ जनपद के बेती स्थित राजा भैया की कोठी से होते हुए प्रयागराज के श्रृंग्वेरपुर पहुंचा। यहां बच्चों ने निषादराज धाम की विशाल मूर्ति और प्राचीन परिसर का अवलोकन किया। सभी ने एक साथ बैठकर सामूहिक भोजन किया। यात्रा का अंतिम पड़ाव प्रतापगढ़ का मनगढ़ धाम था, जहां छात्रों ने रंग-बिरंगी रोशनियों और आकर्षक झाँकियों को देखा। रात्रि भोजन के बाद सभी बच्चे अपने वाहनों से घर के लिए रवाना हुए। देर रात सभी छात्रों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाकर यात्रा का सफलतापूर्वक समापन किया गया। इस पूरी यात्रा में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, एसएमसी अध्यक्ष वंश गोपाल, अध्यापक धर्मेंद्र कुमार, भैरव लाल, बृजेश, दिनेश, अभिलाष, विनय, कृष्णपाल, अयनेंश, पुष्पा सहित अनेक अभिभावकों ने सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया।