देवरी गांव में भ्रष्टाचार की शिकायत पर कार्रवाई ठप, लोगों में रोष

सीएम के आदेश भी नहीं हुए प्रभावी, ग्रामीणों ने की डीएम से शिकायत
FATEHPUR NEWS: अमौली विकास खंड के देवरी गांव में भारी भ्रष्टाचार की शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में रोष बढ़ गया है। गांव के निवासी अवधेश कुमार ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान गौरव सिंह ने विकास कार्यों में जमकर आर्थिक गड़बड़ी की है, जिसकी शिकायत जिला प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक की गई, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित अवधेश कुमार के अनुसार ग्राम प्रधान पर कई गंभीर आरोप हैं। उन्होंने बताया कि प्रधान ने लगभग 7 से 8 लाख रुपये अपने व्यक्तिगत खाते में डलवाए, पंचायत भवन के निर्माण और रखरखाव में लाखों रुपये का घोटाला किया, साथ ही एक फर्जी ट्रेडिंग कंपनी बनाकर सरकारी धन का गमन किया। आरोप है कि पिछले चार वर्षों में करोड़ों रुपये की अनियमितताएँ की गई हैं। ग्रामीणों ने जब इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री को भेजी तो सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। लेकिन स्थानीय प्रशासन पर पीड़ित ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के आदेशों की अनदेखी की जा रही है, जिससे भ्रष्टाचार की शिकायतों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। अवधेश कुमार ने मंगलवार को जिला अधिकारी कार्यालय पहुँचकर दोबारा कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि समय पर कार्रवाई न होने से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है और अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उधर, पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *