जमीन पर काम शुरू होते ही बवाल, दबंगों की धमकी से ठप हुआ निर्माण, पुलिस ने संभाली कमान

MIRZAPUR NEWS: (शाहिद वारसी) शहर कोतवाली क्षेत्र की रैदानी कॉलोनी में जमीन विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनता मेडिकल स्टोर के फार्मासिस्ट नन्हें खां ने ढाई साल पहले यहां एक प्लॉट खरीदा था। रजिस्ट्री और खारिज-दाखिल में भी उनका नाम दर्ज हो चुका है। इसके बावजूद भी उनके अपनी ही जमीन पर निर्माण कार्य नहीं करने दिया जा रहा है। नन्हें ने बताया कि जब भी वे अपनी जमीन पर कोई निर्माण कार्य शुरू कराते हैं, विपक्षी पक्ष धमकी देकर काम रुकवा देता है। हाईकोर्ट का आदेश गंगा से 200 गज की दूरी वाला रूल भी थाने में जमा कर दिया है, फिर भी हर बार उन्हें विरोध का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को जब नन्हें ने निर्माण कार्य शुरू कराया तो विपक्षी 5-6 लोगों के साथ पहुंच गया। गाली-गलौज के साथ जान से मारने की धमकी देते हुए काम रुकवा दिया। इसके अलावा उन्होंने बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर लेखपाल ने नापी कर रिपोर्ट भी लगा दी थी, जिसके बाद मजिस्ट्रेट ने कार्य कराने की अनुमति दे दी थी। इसके बावजूद भी विपक्षी लगातार विवाद खड़ा कर रहा है। नन्हें का कहना है कि विपक्षी “सारहंग किस्म” के लोग हैं, जो आए दिन मारपीट पर उतारू रहते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार पाठक भारी पुलिस फोर्स के साथ विवादित स्थल पर मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों में बढ़ रहे तनाव को देखकर पुलिस ने पूरी समझदारी और सख्ती से हालात को काबू में किया। पुलिस ने न सिर्फ दोनों पक्षों को शांत कराया बल्कि किसी बड़े विवाद को समय रहते टाल दिया। दोनों पक्षों को समझाकर सिटी मजिस्ट्रेट के कार्यालय में बुलाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *