Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

मुड़ियाखेड़ा : किताबें स्टोर में बंद,शौचालय गंदे… DM का सख्त एक्शन, प्रधान को 95-जी का नोटिस, प्रधानाध्यापक से जवाब तलब
LAKHIMPUR KHERI NEWS: 18 नवंबर को मंगलवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने विकास क्षेत्र लखीमपुर के यूपीएस व पीएस मुड़ियाखेड़ा, यूपीएस बाजपेई और चंदपुरा का औचक निरीक्षण कर पठन-पाठन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों की उपस्थिति व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान डीपीआरओ विशाल सिंह, बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी व डीपीओ भारत प्रसाद भी शामिल रहे।
मुड़ियाखेड़ा: किताबें स्टोर में बंद, शौचालय गंदे… DM का सख्त एक्शन
यूपीएस मुड़ियाखेड़ा में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्टोर में भरी पड़ी किताबें देखीं। गिनती कराई तो पता चला कि पुस्तकों का शत-प्रतिशत वितरण नहीं हुआ। डीएम ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए विद्यालय के समस्त शिक्षकों का स्पष्टीकरण तलब किया। शौचालय में गंदगी, टूटी टाइलें और रनिंग वाटर सप्लाई नदारद मिली। इन सब पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। मिड-डे-मील गुणवत्ता में गड़बड़ी मिलने पर प्रधान को 95-जी का नोटिस और प्रधानाध्यापक से जवाब तलब किया। पीएस मुड़ियाखेड़ा में भी शौचालय में पानी न मिलने पर डीएम खासा नाराज़ दिखीं। बच्चों से पुस्तक पढ़वाकर रीडिंग स्किल टेस्ट भी लिया।
यूपीएस बाजपेई : उपस्थिति में 12 बच्चों का अंतर, दोहरी कटौती के निर्देश
यूपीएस बाजपेई पहुंची डीएम ने बच्चों की फिजिकल काउंटिंग कराई तो उपस्थिति पंजिका से 12 बच्चों का अंतर मिला। संतोषजनक जवाब न मिलने पर डीएम ने फटकार लगाई और इन 12 बच्चों के मध्याह्न भोजन की कास्ट की दोगुनी कटौती के निर्देश दिए। कक्षा 7 में बैठी एक बालिका की रीडिंग स्किल चेक की। साथ ही स्मार्ट बोर्ड को ऑन कराकर उसकी कार्यप्रणाली भी परखी और शिक्षिका से संचालित कराकर देखा।
चंदपुरा : पढ़ाई का स्तर परखा, 5 बच्चों की संख्या का अंतर मिला
चंदपुरा पहुंचकर डीएम ने बच्चों की किताब लेकर खुद सवाल पूछे और उनकी शैक्षिक गुणवत्ता का परीक्षण किया। बच्चों की गिनती में 5 ज्यादा संख्या दर्ज मिली। इस पर डीएम ने गहन पूछताछ की और निर्देश दिया कि शिक्षक गांव में अभिभावकों से संपर्क कर वास्तविक उपस्थिति सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में पाई गई अनियमितताओं पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता और बच्चों की सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।