Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिला स्तरीय उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं एमओयू समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह तथा डुमरियागंज सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल सहित संबंधित अधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने सभी व्यापारियों से परिचय प्राप्त किया तथा पिछली बैठक की कार्यवृत्ति की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यवृत्ति में की गई कार्यवाही का पूर्ण विवरण दर्ज किया जाए ताकि समस्याओं और उनके निस्तारण का स्पष्ट विवरण उपलब्ध रहे। जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि एमओयू पर हस्ताक्षर करने वाले निवेशकों से संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान कराया जाए और उन्हें अधिक निवेश हेतु प्रोत्साहित किया जाए। व्यापारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को सुनने के बाद संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिए गए। उन्होंने ओडीओपी योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में प्राप्त लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना से संबंधित फाइलें बैंकों में भेजे जाने के बाद समय से स्वीकृत कराई जाएं। जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया। विद्युत व्यवस्था में सुधार, जर्जर पोलों की मरम्मत, तथा नगर पंचायत शोहरतगढ़ में बने मीट कॉम्प्लेक्स को शीघ्र संचालित कराने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मीट एवं मछली की दुकानें आबादी से दूर संचालित हों तथा टैक्सी स्टैंड निर्धारित स्थान पर ही चलाया जाए। उन्होंने दुग्ध विभाग, पशुपालन, एमएसएमई, उद्यान, पर्यटन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना तथा ओडीओपी जैसी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक व्यापारियों तक पहुंचाने पर बल दिया। बैठक में उद्योग विभाग के उदय प्रकाश, जिला पर्यटन अधिकारी प्रिया सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी उज्ज्वल त्रिपाठी, लीड बैंक अधिकारी आर.के. सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के लिए जिलाधिकारी को धन्यवाद दिया।