मिशन शक्ति के पंचम चरण के तहत ग्राम नेटहवा में चौपाल का हुआ आयोजन

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) जिले के पचपेड़वा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठुढ़वलिया में 16 नवंबर 2025 को मिशन शक्ति के पंचम चरण के तहत एक चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल में महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में आयोजित हुआ। थानाध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम और मिशन शक्ति अभियान के सदस्यों ने इसमें सक्रिय भूमिका निभाई। चौपाल में अविवाहित, तलाकशुदा लड़कियों, आशा बहुओं, ग्राम प्रधानों और अन्य संभ्रांत महिलाओं व बालिकाओं ने भाग लिया। उन्हें ‘बहू-बेटी कार्यक्रम’ के अंतर्गत नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के महत्व के बारे में बताया गया। लड़कियों के भागने जैसी समस्याओं से जुड़ी चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, वृद्धा पेंशन योजना और विधवा पेंशन योजना जैसी लाभकारी सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। दहेज प्रथा और बाल विवाह को कानूनी अपराध बताते हुए इसके दुष्परिणामों और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया गया। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई, जिनमें 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1090 (वूमेन पावर), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 108 (एम्बुलेंस सेवा) और 102 (स्वास्थ्य सेवा) शामिल हैं। इस दौरान सामूहिक विवाह योजना जैसी अन्य लाभकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया और जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए। उपस्थित लोगों से उनकी समस्याएं पूछी गईं, जिस पर किसी ने कोई समस्या नहीं बताई। सभी को कानून के नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *