Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

पत्रकारों से बातचीत करते विधायक जाहिद बेग
BHADOHI NEWS: समाजवादी पार्टी के विधायक जाहिद बेग ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पहले चुनाव आचार संहिता लागू होने पर सरकार चुनाव आयोग के अधीन काम करती थी। लेकिन अब स्थिति उलट गई है और चुनाव आयोग सरकार के अधीन कार्य कर रहा है। उक्त बातें बेग मंगलवार को नगर के मलिकाना मोहल्ला स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव का उदाहरण दिया। बताया कि आचार संहिता लागू होने के बावजूद वहां की सरकार ने महिलाओं के खातों में पैसे बांटे। लेकिन चुनाव आयोग ने इस मामले का संज्ञान नहीं लिया। श्री बेग ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसका एकमात्र उद्देश्य सत्ता हासिल करना है। भले ही इसके लिए गलत तरीका अपनाया जाए। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर भी चिंता व्यक्त की। यह अभियान 4 नवंबर से शुरू हुआ है और गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर है। विधायक के अनुसार अभी तक अधिकांश मतदाताओं को फॉर्म वितरित नहीं किए गए हैं और जिन्हें दिए गए हैं। उन्हें बीएलओ द्वारा निर्धारित दो फॉर्म के बजाय एक या दो ही फॉर्म मिले हैं। उन्होंने सर्वाेच्च न्यायालय के उस आदेश का भी जिक्र किया। जिसमें चुनाव आयोग को आधारकार्ड को मतदाता सूची से जोड़ने का निर्देश दिया गया था। ताकि फर्जी मतदाताओं को खत्म किया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि इस आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फॉर्म वितरण में अनियमितताओं को लेकर एडीएम से शिकायत की गई है। विधायक ने जनता से आग्रह किया कि वे एसआईआर को गंभीरता से लें और अपने बीएलओ से फॉर्म लेकर समय पर जमा करें। ताकि उनका नाम मतदाता सूची में बना रहे। इस मौके पर वरिष्ठ सपा नेता शोभनाथ यादव, जावेद अंसारी, राजकुमार यादव, अयूब अंसारी बाबू व सुनील यादव लायन आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहें।