काशी एक्सप्रेस ट्रेन में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना पर चली 3 घंटे तक जांच

ट्रेन के हर एक डिब्बे की जांच व यात्रियों के सामानों की तलाशी में नहीं मिली संदिग्ध वस्तु
BHADOHI NEWS: गोरखपुर से लोकमान्य तिलक जा रही 15018 अप काशी एक्सप्रेस ट्रेन को मंगलवार दोपहर 1ः35 बजे भदोही रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। ट्रेन में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद लगभग तीन घंटे तक गहन जांच-पड़ताल की गई। हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जीआरपी वाराणसी कंट्रोल रूम को अजय नामक एक व्यक्ति ने काशी एक्सप्रेस में संदिग्ध वस्तु होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही भदोही के प्रभारी सीओ राजीव कुमार सिंह भारी पुलिस बल और डॉग स्क्वायड के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचे। ट्रेन के भदोही स्टेशन पर रुकते ही डॉग स्क्वायड, स्थानीय पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ भदोही के जवानों ने काशी एक्सप्रेस के प्रत्येक डिब्बे का निरीक्षण शुरू किया। वाराणसी से आरपीएफ कुंवर प्रभा सिंह भी अपनी टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों डॉग स्क्वायड टीमों, स्थानीय पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ और खुफिया विभाग की टीमों ने मिलकर ट्रेन के सभी डिब्बों और यात्रियों के सामानों की बारीकी से तलाशी ली। इसके बाद, वाराणसी से बुलाई गई बम डिस्पोजल टीम ने भी ट्रेन के हर डिब्बे, यात्रियों के सामान और ट्रेन के आसपास के हिस्सों की जांच की। लंबी जांच के बावजूद ट्रेन में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई। इसके बाद शाम 4ः33 बजे ट्रेन को उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। तीन घंटे तक ट्रेन के रुके रहने से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। इस घटना के कारण पांच अन्य ट्रेनों को भी विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। जिससे उनका परिचालन प्रभावित हुआ। 15127 अप काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन परसीपुर रेलवे स्टेशन, 15120 डाउन जनता एक्सप्रेस ट्रेन सुरियावां रेलवे स्टेशन,15160 डाउन सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन जंघई रेलवे स्टेशन, 404455 अप न्यू दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन चैखंडी रेलवे स्टेशन व 04456 डाउन धनवाद एक्सप्रेस ट्रेन बादशाहपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। हालांकि बाद में सभी को एक-एक रवाना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *