Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JAUNPUR NEWS: शाहगंज क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर, पारंपरिक कला, संगीत और लोक संस्कृति को समर्पित भव्य शाहगंज महोत्सव 4 और 5 दिसंबर को रामलीला मैदान में आयोजित होगा। इस महोत्सव में सामूहिक विवाह भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में प्रदर्शनी लगाकर आम जनमानस को जागरूक किया जाएगा। इस महोत्सव में प्रसिद्ध भोजपुरी कलाकार अपनी अद्भुत कला की शानदार प्रस्तुति से जलवा बिखेरेंगे। शाहगंज के विधायक रमेश सिंह के नेतृत्व में शाहगंज के महोत्सव को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। विधायक ने बताया कि यह महोत्सव 4 व 5 दिसंबर को नगर के रामलीला मैदान में आयोजित होगा। महोत्सव में पहले दिन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह, जिसमें 751 से अधिक जोड़ों का पवित्र वैवाहिक संस्कार संपन्न होगा। सायंकाल गंगा आरती का दिव्य और भव्य आयोजन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदर्शनी के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाई जायेगी। महोत्सव में चार चांद लगाने के लिए प्रसिद्ध भोजपुरी कलाकार अपनी अनोखी कला की शानदार प्रस्तुति देकर लोगों को मंत्रमुग्ध करेंगे। इसमें सांस्कृतिक झांकियाँ और पारंपरिक प्रस्तुतियाँ होंगी जिसमें स्थानीय कला, संस्कृति और प्रतिभा का अनोखा संगम होगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने परिवार और साथियों के साथ इस अद्भुत सांस्कृतिक महोत्सव का हिस्सा बनें और शाहगंज की परंपरा, कला और उत्सवधर्मिता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँ।