बिजली की शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, दहेज का सामान और डेढ़ लाख नकद जलकर राख

शनिवार को होनी है बेटी की बारात, बेवा माँ का रो-रोकर बुरा हाल
FATEHPUR NEWS: सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के हसनपुर कसार गांव में मंगलवार देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक गरीब परिवार की खुशियों पर जैसे कहर ढा दिया। रमा देवी त्रिवेदी, जो पति की मृत्यु के बाद अकेले परिवार का बोझ उठा रही हैं, उनकी बेटी की बारात आगामी शनिवार 22 नवंबर को हुसैनगंज से आनी थी। शादी की अंतिम तैयारियाँ चल रही थीं, तभी अचानक बंद कमरे में आग लग गई जिसने सब कुछ राख कर दिया। जानकारी के मुताबिक देर रात घर के अंदर से धुएं की गंध आने पर परिजनों ने जब कमरा खोला तो अंदर आग की तेज लपटें देखकर सभी सन्न रह गए। शोर सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कमरे में रखा दहेज का सामान, एलईडी, बराती–वर-वधू के कपड़े, घरेलू बेड, और बेड के लॉकर में रखे डेढ़ लाख रुपये नकद पूरी तरह जल चुके थे। वृद्ध रमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी के लिए वर्षों से जोड़कर रखा हर सामान पलभर में जल गया। उनके चार बेटे हैं—बऊवा, श्यामू (दोनों शादीशुदा) जबकि छोटे बेटे शिवा (16) और राजू (10) अभी नाबालिग हैं। घर की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। वहीं पीड़िता के बड़े बेटे ने बुधवार की सुबह राजस्व विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस फोर्स और राजस्व टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की। वहीं इस घटना पर उपजिलाधिकारी खागा अभिनीत कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। लेखपाल को जांच के लिए भेजा गया है। जो भी नुकसान हुआ है, पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *