Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

अभियंता का वादा फिर भी अधर में लटका समाधान
FATEHPUR NEWS: विकास खंड खजुहा अंतर्गत विद्युत उपकेंद्र जाफरगंज क्षेत्र में स्थित कस्बा जाफरगंज में वर्षों से एक क्षतिग्रस्त पोल केवल केबल के सहारे झूल रहा है, लेकिन विभाग ने अब तक इसे बदलने की जहमत नहीं उठाई है। स्थानीय निवासी गोपाल विश्वकर्मा के अनुसार इस संबंध में कई बार शिकायत की गई, परंतु बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बसें, वैन और बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। झूलता पोल किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है, जिससे बड़ी जनहानि की आशंका बनी हुई है। करीब एक माह पूर्व मीडिया द्वारा प्रकाशित की गई ख़बरों में अवर अभियंता देवदत्त चौरसिया ने पत्रकारों से कहा था कि एक सप्ताह में पोल बदलवा दिया जाएगा, लेकिन आज भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। पुनः पूछे जाने पर अवर अभियंता देवदत्त चौरसिया ने बताया कि व्यवस्था कर ली गई है, दो-चार दिन में पोल बदलवा दिया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से चली आ रही समस्या का जल्द समाधान न हुआ तो वह विभाग के खिलाफ आवाज उठाने को मजबूर होंगे।