सरकारी आवास पर बेटों ने किया कब्जा, 85 वर्षीय विधवा महिला बेघर

ताला तोड़कर सामान जलाने और मारपीट का आरोप, पुलिस कार्रवाई के बाद भी दोबारा कब्जा
FATEHPUR NEWS: सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहदमऊ गांव में मां–बेटों के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 85 वर्षीय विधवा महिला को उसके ही बेटों ने मारपीट कर सरकारी आवास से बाहर निकाल दिया। वृद्ध महिला फिलहाल दर–दर भटकने को मजबूर है। मामला जिलाधिकारी तक पहुंचा है, जहां पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई है। जानकारी के अनुसार, वफातन पत्नी स्वर्गीय अमीरउद्दीन सरकारी कॉलोनी में वर्षों से रह रही थीं। भीख मांगकर अपना गुजारा करने वाली वृद्धा 19 नवम्बर को दोपहर में अपने घर पर ताला लगाकर रोज की तरह जीविकोपार्जन के लिए गई थीं। इसी बीच उसके बेटे माजिद, बड़कू और उनकी पत्नियां घर का ताला तोड़कर अंदर घुस आए और वृद्धा के बिस्तर समेत सामान को जला दिया। शाम को जब वफातन घर लौटीं तो उन्होंने पाया कि घर का सामान राख हो चुका है और आरोपी उन्हें घर में घुसने नहीं दे रहे। विरोध करने पर बेटों ने वृद्ध महिला के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने ग्राम प्रधान से शिकायत की, लेकिन प्रधान ने उल्टा उसे डरा–धमकाकर भगा दिया। बाद में ग्रामीणों की मदद से वह थाना सुल्तानपुर घोष पहुंची। पुलिस ने मौके पर जाकर ताला खुलवाया और उन्हें घर में प्रवेश दिलाया। लेकिन पुलिस के लौटते ही आरोपियों ने दोबारा वृद्ध महिला को घर से बाहर फेंककर मकान पर कब्जा कर लिया। घायल वफातन का जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। पीड़िता अब जिलाधिकारी से गुहार लगा रही है कि उसे उसका सरकारी आवास वापस दिलाया जाए और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *