Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

कार्रवाई न होने से परिजन डीएम ऑफिस पहुंचे
FATEHPUR NEWS: थरियांव थाना क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय लतीफपुर, भिटौरा में एक छात्रा की पिटाई का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। कक्षा 8 की छात्रा नौसीन ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक अरुण कुमार ने होमवर्क पूरा न करने पर पानी के पाइप से उसकी बेरहमी से पिटाई की। पिटाई के कारण छात्रा के दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने हाथ की स्थिति गंभीर बताते हुए ऑपरेशन की सलाह दी है, जिसे परिजन इलाज जारी कर रखे हैं। बताते चलें कि घटना के बाद परिजन छात्रा को तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार जारी है। परिजनों ने बताया कि उन्होंने पिटाई की घटना की लिखित शिकायत पुलिस चौकी में दी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई न होने से नाराज़ परिजन गुरुवार को डीएम ऑफिस पहुंचे और जिलाधिकारी को पूरी घटना से अवगत कराया। परिजनों ने आरोपी शिक्षक के निलंबन और गिरफ्तारी की मांग की है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है। उनका कहना है कि विद्यालय में बच्चों के साथ इस तरह की हिंसा अस्वीकार्य है और इससे विद्यार्थियों में भय का वातावरण निर्माण होता है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है। उधर, शिक्षा विभाग और पुलिस द्वारा मामले की जांच प्रारंभ किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल छात्रा के इलाज और आगे की कार्रवाई को लेकर परिजनों तथा स्थानीय लोगों की नजरें प्रशासन की ओर टिकी हुई हैं। वहीं इस प्रकरण में प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष नदीम उद्दीन पप्पू ने कड़ी निंदा करते हुए पीड़ित लड़की व उसके परिजनों का साथ देते हुए न्याय एवं उपचार में सहयोग देने की बात कही है।