महिला आयोग की जनसुनवाई में 31 शिकायतें दर्ज, समयबद्ध निस्तारण पर दिया जोर

राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति ने सुनी महिलाओं की समस्याएं
FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति की अध्यक्षता में गुरुवार को लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न दूरदराज क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपनी समस्याएँ आयोग की सदस्य के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में पिछली बैठक के दौरान प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की स्थिति की भी विस्तार से समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। जनसुनवाई के दौरान कुल 31 प्रार्थना पत्र दर्ज किए गए, जिनमें घरेलू विवाद, दहेज उत्पीड़न, पारिवारिक कलह, पैतृक संपत्ति से संबंधित विवाद तथा सुरक्षा से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। अंजू प्रजापति ने सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर, गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अतिरिक्त, जनसुनवाई में उपस्थित महिलाओं को विधिक सहायता, महिला हेल्पलाइन, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, घरेलू हिंसा अधिनियम, महिला सुरक्षा संबंधित कानूनों तथा सरकारी सहायता सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। श्रीमती प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र महिला तक पहुँचे, यह सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, किसी भी प्रकार के उत्पीड़न पर चुप न रहें और तत्काल प्रशासन या आयोग से संपर्क करें। जनसुनवाई के दौरान सभी अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि महिला संबंधित प्रकरणों में संवेदनशीलता तथा त्वरित कार्रवाई सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सदर अनामिका श्रीवास्तव के साथ ही जिला प्रोबेशन अधिकारी, महिला थाना प्रभारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *