पुलिस दुर्व्यवहार पर व्यापारी संगठनों का विरोध, सीओ सदर ने दिए सुधार के निर्देश

थानों में सम्मानजनक व्यवहार की मांग, व्यापारियों ने कहा—दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई
FATEHPUR NEWS: व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक बैठक क्षेत्राधिकारी सदर की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें हाल ही में एक व्यापारी नेता के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा सबसे प्रमुख रहा। बैठक में मौजूद सभी व्यापारिक संगठनों ने इस घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी ने कहा कि व्यापारी प्रतिनिधियों के साथ ऐसी घटनाएं किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि थाने स्तर पर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। जिलाध्यक्ष मनोज साहू ने घटना की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पुलिस कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि है, जिसे किसी भी हालत में आहत नहीं होने दिया जाएगा। क्षेत्राधिकारी सदर ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की पूरी जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि थानों में आम जनता एवं प्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार के स्पष्ट दिशा-निर्देश पहले से लागू हैं। यदि किसी व्यक्ति के साथ अभद्रता होती है तो उसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को दें, जिससे तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। बैठक में जय किशन, अनिल महाजन, कैश खान, अर्सलान, मोहम्मद शाहिद, अनुभव यादव, अमित शरण बॉबी सहित कई व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *