Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

LAKHIMPUR KHERI NEWS: लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार को निघासन में भव्य एकता पद यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर तराई किसान महाविद्यालय लालपुर में हुई, जहाँ मुख्य अतिथि नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे मुख्य अतिथि ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और औपचारिक रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद कॉलेज परिसर से पदयात्रा शुरू हुई, जो ढखेरवा रोड स्थित जेपी पैलेस तक पैदल निकाली गई।यात्रा में प्रमुख रूप से नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर, विधायक शशांक वर्मा, भाजपा प्रदेश संयोजक राजेश्वर सिंह, जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, जिला पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामू पांडेय ने यात्रा की अगुवाई की। अपने संबोधन में मंत्री राकेश राठौर ने कहा कि “सरदार पटेल ने देश की 562 रियासतों को एकजुट कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का जो कार्य किया, वह विश्व इतिहास में अद्वितीय है। आज का यह कार्यक्रम सिर्फ उनकी जयंती नहीं, बल्कि उनकी एकता, ईमानदारी और राष्ट्रभावना को याद करने का अवसर है। प्रदेश सरकार उनके आदर्शों के अनुरूप समाज के हर वर्ग तक विकास और न्याय पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।” कार्यक्रम में जिला संयोजक विनोद वर्मा, भाजपा जिला महामंत्री विनोद लोधी,सभी मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र चतुर्वेदी , ब्रजेन्द्र सिंह, जय प्रकाश विश्वकर्मा , दामोदर मौर्या, डॉ भीमराव अंबेडकर तराई किसान महाविद्यालय के एमडी सुबोध मिश्रा, सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।