डलमऊ पुल पर बढ़ा खतरा, पीडब्ल्यूडी ने जताई टूटने की आशंका

ओवरलोड वाहनों पर रोक की मांग
FATEHPUR NEWS: रायबरेली जिले में स्थित डलमऊ पुल की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। रायबरेली पीडब्ल्यूडी विभाग के निरीक्षण में पुल के कई हिस्सों में गंभीर क्षति पाई गई है, जिसके बाद विभाग ने इसके किसी भी समय ध्वस्त होने की आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भेजकर सख्त चेतावनी दी है। पीडब्ल्यूडी द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि ओवरलोड वाहनों की लगातार आवाजाही से पुल की संरचना पर भारी दबाव पड़ रहा है, जिससे बड़ा हादसा होने की संभावना बढ़ गई है। विभाग ने डलमऊ के एसडीएम, सीओ, रायबरेली एवं फतेहपुर जिलों के अधिकारियों को पत्र लिखकर तुरंत ओवरलोड वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि भारी वाहनों को तुरंत रोका नहीं गया तो पुल की स्थिति और अधिक खतरनाक हो सकती है। इसके साथ ही प्रशासन से पुल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सख्त कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। बताते चलें कि बीते दिनों से असनी पुल निर्माण की घोषणा के बाद से ही लखनऊ एवं लालगंज आदि होके आने और जाने वाले सभी हल्के एवं भारी वाहन हुसैनगंज होकर डलमऊ पुल पार करके आते और जाते हैं। प्रतिदिन इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों में भी पुल की स्थिति को लेकर भारी चिंता देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को जल्द प्रभावी कदम उठाने चाहिए ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। वहीं अधिकारियों ने स्वीकार किया है कि पीडब्ल्यूडी की रिपोर्ट बेहद गंभीर है। प्रशासन भारी वाहनों के रूट परिवर्तन और पुल की निगरानी बढ़ाने को लेकर विचार कर रहा है। बताया गया है कि स्थिति का आकलन कर जल्द निर्णय लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *