विद्यालयों में पर्यावरण आधारित प्रतियोगिताओं के विजयी छात्र हुए सम्मानित

गंगा उत्सव में बढ़ी जनभागीदारी
FATEHPUR NEWS: जिला गंगा समिति फतेहपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण, नदियों के संरक्षण तथा सांस्कृतिक-आध्यात्मिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न उच्च प्राथमिक विद्यालयों में गंगा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पेंटिंग, रंगोली, स्लोगन लेखन और निबंध प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को जिलाधिकारी द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। गंगा प्रवाह वाले 06 ब्लॉक—देवमई, मलवा, भिटौरा, तेलियानी, हथगाम और ऐरायां के चयनित उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिन विद्यालयों में कार्यक्रम हुए उनमें छिवली, गलाथा, शिवराजपुर, अभयपुर, भिटौरा, कैडेपुर, हाजीपुर गंग, आदमपुर, अमिलिहापाल, सुरजीपुर, बूढनपुर और इजुरा खुर्द शामिल रहे। इन प्रतियोगिताओं के आयोजन का दायित्व प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी तथा वन एवं वन्य जीव प्रभाग फतेहपुर को सौंपा गया था। कार्यक्रमों का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और गंगा नदी के प्रति बच्चों में जागरूकता बढ़ाना तथा सृजनात्मकता को बढ़ावा देना था। इस दौरान जिलाधिकारी ने पुरस्कार वितरण के अवसर पर बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि छात्रों ने अपनी प्रतिभा के साथ-साथ पर्यावरण और नदियों के संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि भविष्य की पीढ़ी में जागरूकता लाने के लिए ऐसे कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि जनभागीदारी के बिना पर्यावरण संरक्षण संभव नहीं है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में पर्यावरण संरक्षण की समझ और रचनात्मक रुचि को बढ़ावा देने के इस प्रयास की सराहना जिलेभर में की जा रही है। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख अधिकारियों में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुनील कुमार, जिला विकास अधिकारी, डीएफओ, डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, नमामि गंगे के संयोजक शैलेन्द्र शरण सिंपल, जिला परियोजना अधिकारी गंगा सुरक्षा समिति ज्ञान तिवारी तथा ईओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *