Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान-2025 के तहत जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने शुक्रवार को तहसील नौगढ़ तथा तहसील बांसी के मतदाता पंजीकरण केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को बांटे गए गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) तथा मतदाताओं से प्राप्त प्रपत्रों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देश दिया कि लेखपाल अपने-अपने क्षेत्र के बीएलओ से समन्वय बनाते हुए घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कराएं। साथ ही मतदाताओं द्वारा भरे गए प्रपत्रों को बीएलओ, रोजगार सेवक तथा ग्राम प्रधानों के माध्यम से समय से प्राप्त कर फीडिंग कार्य में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि जिन लेखपालों का कार्य सराहनीय है, उन्हें फील्ड में आगे भेजकर प्रगति को और बेहतर किया जाए, जबकि कम प्रगति वाले बीएलओ के सहयोग हेतु अतिरिक्त कर्मचारी लगाए जाएं। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने ए.ई.आर.ओ./खण्ड विकास अधिकारी नौगढ़, सेक्टर अधिकारी/खण्ड शिक्षा अधिकारी नौगढ़ तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी जोगिया से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य, उपजिलाधिकारी न्यायिक शशांक शेखर राय, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।