कुश्ती भारतीय खेल का है स्वर्णिम धरोहर- प्रमोद तिवारी

सेमरा में राष्ट्रीय दंगल प्रतियोगिता में दिल्ली के नवाज पहलवान को मिला चैम्पियनशिप खिताब

PRATAPGARH NEWS: अठेहा क्षेत्र के सेमरा में दो दिवसीय राष्ट्रीय दंगल प्रतियोगिता में कई राज्यों के पहलवानो का रोमांचक दमखम देखने को मिला। छियासी हजार की रोमांचक फाइनल कुश्ती दिल्ली के नवाज पहलवान तथा राजस्थान के राजू पहलवान के बीच हुई। इसमें दिल्ली के नवाज ने राजू को पटखनी देते हुए फाइनल कुश्ती का खिताब अपने नाम किया। शुक्रवार की देर शाम हुए समापन समारोह में बतौर मुख्यअतिथि राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने विजेता पहलवानों को चैम्पियनशिप व शील्ड प्रदान किये। उन्होने क्षेत्रीय एवं जिले के पहलवानों के साथ अन्य राज्यों से आये हुए पहलवानों की हौसला आफजाई करते हुए स्वयं तथा विधायक आराधना मिश्रा मोना की ओर से नकद पुरस्कार भी बांटे। बतौर मुख्य अतिथि सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि कुश्ती भारतीय खेल प्रतियोगिता की स्वर्णिम धरोहर है। उन्होने कहा कि भारत के खिलाड़ियों के द्वारा कुश्ती के साथ अन्य खेल प्रतियोगिताओं में भी आज सफलताओं के साथ तिरंगे का परचम लहराया जा रहा है। उन्होने हाल ही में महिला विश्वकप क्रिकेट प्रतियोगिता में देश को मिली विश्व चैम्पियनशिप को भारतीय बेटियों के शौर्य का शानदार प्रदर्शन कहा। वहीं सांसद प्रमोद तिवारी ने विश्वस्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भी भारतीय बेटियों के द्वारा हासिल किये गये सात स्वर्ण पदकों को भी देश के नाम अनूठा कीर्तिमान कहा। राष्ट्रीय दंगल प्रतियोगिता मंे फकीर बाबा व शैतान सिंह की कुश्ती देखकर हजारों दर्शक दांतो तले उंगली दबा बैठे। इसमें फकीर बाबा को विजय मिली। वहीं लकी थापा व ज्वाला सिंह के बीच कुश्ती में लकी बाबा व लॉडी बाबा एवं जल्लाद पहलवान की कुश्ती में लाडी बाबा ने जीत हासिल की। इसके पहले दंगल प्रतियोगिता आयोजन समिति के अध्यक्ष अनवारूल हसन ने समिति की ओर से सांसद प्रमोद तिवारी को सम्मानित किया। समापन समारोह की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह बबलू ने किया। ग्राम प्रधान अशोक ने स्वागत तथा लव सिंह ने आभार जताया। इस मौके पर सरवर खान, इबरार खान, रियाजुल, अयूब, राममिलन गुप्ता, नसीम, बृजेश, रामगरीब, राजू मिश्र, रोहित सिंह, त्रिभु तिवारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *