Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

वक्ताओं ने बताया—मुलायम सिंह यादव थे किसानों, मजदूरों और कमजोर वर्गों की सशक्त आवाज
FATEHPUR NEWS: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती पर शनिवार को हुसैनगंज की विधायक ऊषा मौर्य ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधायक के जनसंपर्क कार्यालय में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें नेताजी के व्यक्तित्व, संघर्ष और राजनीतिक उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए विधायक ऊषा मौर्य ने कहा कि मुलायम सिंह यादव तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और देश के रक्षा मंत्री के रूप में उनकी भूमिका हमेशा याद रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि नेता जी ने गरीब, किसान, मज़दूर और पिछड़े वर्गों की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद किया। उन्होंने कहा कि सपा को मजबूत आधार देने में नेता जी का कुशल नेतृत्व, संगठन क्षमता और जनसंपर्क का अनोखा अंदाज़ आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। सामाजिक और राजनीतिक योगदान के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मान भी प्राप्त हुए, जो उनके जननायक होने का प्रमाण हैं। वहीं विचार गोष्ठी में अन्य वक्ताओं ने कहा कि धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव (नेता जी) का पूरा राजनीतिक जीवन समर्पण, सादगी और संघर्ष से भरा रहा। उन्होंने हमेशा किसानों और वंचित वर्गों के हितों की लड़ाई लड़ी और लोकतंत्र की असली भावना को मजबूत किया। अंत में सभी ने नेताजी के आदर्शों को आगे बढ़ाने और समाजवादी मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सुल्तानपुर घोष संजीत यादव, पूर्व प्रधान गंगा प्रसाद पाल, मोहम्मद शहजादे सिद्दीकी, भीम सिंह यादव, जैनुल अब्दीन मुन्ना, भूप सिंह यादव, सर्वेश यादव, पिंटू शुक्ला, देवीदीन मौर्य सहित बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।