Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

AURAIYA NEWS: जनपद से सटे इटावा सीमा पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध चौकीदार की घटना स्थल पर मौत हो गई। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पैगूपुर निवासी श्यामकरन (70) इंडियन ऑयल के नव निर्मित पेट्रोल पंप पर चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। पेट्रोल पंप अभी संचालित नहीं हुआ है, लेकिन श्यामकरन रोज की तरह सुबह लगभग पौने छह बजे हाइवे पार कर सामने स्थित चाय की दुकान पर चाय पीने गए थे। चाय पीकर लौटते समय जैसे ही वह हाइवे क्रॉस कर रहे थे, तभी औरैया से इटावा की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। चूंकि घटना इटावा सीमा में हुई थी, इसलिए बकेवर थाना पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए इटावा भेज दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुत्र संतोष सहित परिजन मौके पर पहुंचे, जहाँ उनका रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।