सरस्वती विद्या मंदिर की स्कूल वैन पलटी, पाँच छात्र घायल

JALAUN NEWS: हाईवे स्थित बड़ागांव के पास शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सरस्वती विद्या मंदिर, उरई की स्कूल वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिसमें वैन सवार पाँच छात्र घायल हो गए। इनमें एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दुर्घटना के चलते क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरस्वती विद्या मंदिर में पढ़ने वाले पाँच छात्र एट क्षेत्र से वैन के जरिए उरई जा रहे थे। सुबह स्कूल के समय से पहले हाईवे पर बड़ागांव के पास चालक ने तेज रफ्तार में वैन को मोड़ने का प्रयास किया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वैन पलट गई। दुर्घटना के वक्त बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चों को बाहर निकाला। वैन के पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी उरई अर्चना सिंह मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचीं। उन्होंने तत्काल घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि हादसे में वैन चालक भी घायल हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है। प्रारंभिक जांच में वैन की तेज रफ्तार ही हादसे का कारण मानी जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि जांच में चालक की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, स्कूल प्रशासन से भी वैन की फिटनेस, सुरक्षा मानक और चालक की योग्यता को लेकर पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *