दुधवनिया बुजुर्ग गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण भिड़ंत, एक की मौत, दो गंभीर

प्रोफाइल फोटो इस्तियाक अहमद

गांव में मातम, मृतक की पत्नी व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल
SIDHARTHNAGAR NEWS: ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुधवनिया बुजुर्ग और सेवरा गांव के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-730 पर शनिवार सुबह दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पहुंचाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉक्टर प्रदीप वर्मा ने सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दुधवनिया बुजुर्ग निवासी 35 वर्षीय इस्तियाक अहमद पुत्र फसीउद्दीन को मृत घोषित कर दिया। हादसे में धीरज यादव पुत्र जगदम्बा यादव (30 वर्ष), राहुल यादव पुत्र रामनेवास (23 वर्ष) और अमन पुत्र राजेंद्र प्रसाद (17 वर्ष), तीनों निवासी महादेव, थाना इटवा, जनपद सिद्धार्थनगर गंभीर रूप से घायल हुए। तीनों एक ही पल्सर बाइक (यूपी 55 एयू 8872) पर सवार होकर ढेबरुआ की ओर से आ रहे थे। उधर, इस्तियाक अहमद अपनी बाइक (यूपी 55 एफ 9845) से अकेले बढ़नी की ओर आते हुए अपने घर दुधवनिया बुजुर्ग पहुंचकर ठीक घर की तरफ मुड़ ही रहे थे कि तेज रफ्तार में आ रही पल्सर बाइक ने उन्हें सीधे टक्कर मार दी। बताया जाता है कि पल्सर की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही इस्तियाक की बाइक का इंजन फट गया और बाइक के परखच्चे उड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास मौजूद लोग भी डर गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम फैल गया। इस्तियाक की मौत से पत्नी और छोटे-छोटे बच्चे रो-रोकर बेसुध हो गए हैं, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है।थाना प्रभारी अमित चौधरी ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर मिल गई है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *