डीएम और एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनी शिकायतें, राजस्व अधिकारियों को मौके पर निस्तारण के निर्देश

SIDHARTHNAGAR NEWS: शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस का आयोजन आज थाना कोतवाली जोगिया में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। समाधान दिवस में पहुंचे शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को डीएम और एसपी ने गंभीरता से सुना। अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद, नाली विवाद, चकमार्ग, बंटवारा और अवैध कब्जे से संबंधित थीं। जिलाधिकारी ने सभी राजस्व निरीक्षकों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद, वरासत, बंटवारा आदि प्रकरणों का मौके पर जाकर सही ढंग से निस्तारण कराया जाए, तथा किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने राजस्व निरीक्षक एवं लेखपालों को स्पष्ट निर्देश दिया कि नाली विवाद, चकमार्ग विवाद, जमीन बंटवारा और पट्टा/अवैध कब्जे से जुड़े मामलों का निस्तारण शिकायतकर्ता की उपस्थिति में मौके पर जाकर कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल साथ लेकर जाने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने कहा कि अधिकतम प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने समाधान दिवस में आए लोगों से अपील की कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी प्रकार का विवाद झगड़े की स्थिति में न बदलने दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी मामलों का राजस्व एवं पुलिस विभाग द्वारा मौके पर जाकर निष्पक्ष निस्तारण कराया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सुजीत राय, थाना प्रभारी जोगिया, राजस्व निरीक्षक सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *