Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

मतदाता सूची शुद्धिकरण में जुटे जमाते इस्लामी के स्वयंसेवक
FATEHPUR NEWS: निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चल रहे एसआईआर अभियान को मोहम्मदपुर गौंती क्षेत्र में व्यापक जनसहयोग मिलता नजर आ रहा है। यहां एसआईआर फ़ॉर्म भरने और दस्तावेज़ अद्यतन कराने में लोगों की मदद के लिए स्थानीय टीमें घर-घर पहुंचकर अभियान को गति दे रही हैं। नज़ीम-ए-ज़िला अब्दुल रहमान के नेतृत्व में कारकुन मजाज़ अहमद, मोहम्मद आरिफ, मुशाहिब इमरान, ज़ुबैर अहमद, हाफ़िज़ अब्दुल वहीद, महताब, तथा उत्तर प्रदेश युवा मंच के कार्यकर्ता ख़ुबैब अहमद, मो. आज़िम, मोहम्मद हस्सान, मज़क्किर, वालीद समेत कई स्थानीय जिम्मेदार बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच बना रहे हैं। टीम विशेष तौर पर उन नागरिकों की सहायता कर रही है जिन्हें फ़ॉर्म भरने या आवश्यक दस्तावेज़ अपडेट कराने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। यह पूरा प्रयास जमात-ए-इस्लामी हिन्द की मर्कज़ी मुहिम “हक़ूक़-ए-हमसाया” का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को उसके लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा और जागरूकता से जोड़ना है। अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और सभी नाम सही रूप में दर्ज हों।
स्थानीय जिम्मेदारों ने बताया कि एसआईआर कार्यक्रम का मूल लक्ष्य लोगों को वोटर सूची में नाम जोड़ने, त्रुटियों को सुधारने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। मोहम्मदपुर गौंती क्षेत्र में अभियान शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और जनोपयोगी तरीके से आगे बढ़ रहा है। स्वयंसेवक गांव-गांव जाकर जनजागरूकता बढ़ा रहे हैं और नागरिकों को पूरी प्रक्रिया में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। जमात-ए-इस्लामी हिन्द की स्थानीय इकाई ने उम्मीद जताई कि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम से जुड़कर अपने संवैधानिक अधिकारों को मजबूत करेंगे और मतदाता सूची शुद्धिकरण की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में योगदान देंगे। वहीं समाजवादी पार्टी के नेता तथा अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव अब्दुल राफे अपनी टीम के साथ एसआईआर अभियान में तत्परता से जुड़े हुए हैं और उनका कहना है कि हमारे और हमारी टीम के सहयोग से गांव में लगभग 70 प्रतिशत फॉर्म भरे जा चुके हैं।