यातायात जागरूकता माह : ग्यारह सदस्यों वाले परिवार में बारह हेलमेट, बच्चों के लिए हार्नेस बेल्ट भी

JAUNPUR NEWS: नवम्बर माह को यातायात जागरूकता माह के रूप में मनाए जाने के दौरान जहां प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं जौनपुर जनपद में एक परिवार समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। विकास खंड मछलीशहर के बामी गांव निवासी जितेन्द्र बहादुर सिंह के ग्यारह सदस्यों वाले इस परिवार में हेलमेट की संख्या बारह है। खास बात यह है कि परिवार में छोटे बच्चों से लेकर महिलाओं और पुरुषों तक, सभी के लिए अलग-अलग साइज और मौसम के अनुसार हेलमेट उपलब्ध हैं, साथ ही बच्चों के लिए हार्नेस बेल्ट भी।
इस सकारात्मक पहल का असर यह है कि सड़क पर निकलने से पहले हेलमेट पहनना इस परिवार की आदत और बच्चों के लिए शौक बन चुका है। पांचों बच्चे—शगुन, धैर्य, श्रीशा, साहस और श्रेष्ठ—हमेशा हेलमेट और हार्नेस बेल्ट का उपयोग करते दिखाई देते हैं।
जितेन्द्र बहादुर सिंह का कहना है कि जैसे कपड़े और जूते मौसम व उम्र के अनुसार चुने जाते हैं, वैसे ही हेलमेट भी अलग-अलग प्रकार के रखने चाहिए। वे बताते हैं कि दर्जन भर हेलमेट खरीदने में 15–20 हजार रुपये का खर्च आता है, जो जीवन की सुरक्षा के सामने बहुत छोटा है। उन्होंने कहा—“परवाह करेंगे तो सुरक्षित रहेंगे”, और यही संदेश समाज तक पहुंचाना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *