Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JAUNPUR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देशन में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा रविवार को “मेगा डिजिटाइजेशन दिवस” मनाया गया। अभियान का नेतृत्व बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने करते हुए निर्वाचन कार्यों को पूर्ण पारदर्शिता व गति से संपन्न कराने पर जोर दिया। निर्देशानुसार सभी परिषदीय विद्यालयों को विशेष रूप से रविवार को खोला गया ताकि बीएलओ को आवश्यक सहयोग मिल सके और विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाई जा सके। बीएलओ को प्रतिदिन कम से कम 100 आवेदन प्रपत्रों की ऑनलाइन फीडिंग अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्य पूरा होने तक पूरी जिम्मेदारी और निरंतरता बनाए रखना आवश्यक है। इसी क्रम में बीएसए ने बीआरसी बक्शा समेत कई परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
प्रा. विद्यालय गोपालापुर (वि.ख. बक्शा) में सभी शिक्षक उपस्थित मिले, लेकिन बीएलओ समय से नहीं पहुँचे। बीएसए ने फोन पर जानकारी लेकर कड़ी नाराज़गी जताई और आवश्यक कार्यवाही करने के आदेश दिए। वहीं, प्रा. विद्यालय घनश्यामपुर (वि.ख. बदलापुर) में सभी कर्मचारी समय से उपस्थित मिले। उत्कृष्ट कार्य के लिए स्टाफ की प्रशंसा की गई और उन्हें सम्मानित भी किया गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि ‘निर्वाचन नामावली गणना प्रपत्र’ अत्यंत संवेदनशील एवं राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। यह मात्र प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक कदापि स्वीकार्य नहीं होगी।