Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JHANSI NEWS: गुलाबी गैंग का ग्यारहवाँ स्थापना दिवस मंगलवार को बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अगुवाई गुलाबी गैंग कमांडर हाजरा रब ने की। इस अवसर पर संगठन की विभिन्न शाखाओं की सदस्याओं ने भारी संख्या में भाग लिया और महिला सशक्तिकरण की दिशा में अपने संकल्प को दोहराया। समारोह में प्रमुख रूप से मीना रायकवार, मीना मसीह, सैफी, भगवती कुशवाहा, मुन्नी भास्कर, ज्योति गोस्वामी, सपना गुप्ता, सुमन वर्मा, इंद्रा परिहार, सुधा गुप्ता, प्रेमलता वर्मा, जोया, भावना, रेखा यादव, सुशीला, लक्ष्मी सहित कई अन्य महिलाएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी डॉ. संदीप सरावगी उपस्थित रहे। उन्होंने सभी महिला सदस्यों को कंबल वितरित किए और संगठन के कार्यों की सराहना की। डॉ. संदीप सरावगी ने अपने संबोधन में कहा गुलाबी गैंग समाज में महिला शक्ति का एक सशक्त प्रतीक बन चुका है। यह संगठन वर्षों से अत्याचार के विरुद्ध आवाज उठाने, महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान दिलाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। मैं सभी सदस्याओं को उनके संघर्ष, समर्पण और संगठनात्मक एकजुटता के लिए बधाई देता हूँ। समाज तभी प्रगतिशील बन सकता है जब उसकी महिलाएँ सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर हों। गुलाबी गैंग की कमांडर हाजरा रब ने कार्यक्रम में डॉ. संदीप सरावगी की भूरि–भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा डॉ. संदीप हमेशा से समाज के कमजोर वर्गों, विशेषकर महिलाओं के हित में निरंतर प्रयास करते रहे हैं। उनकी संवेदनशीलता, मददगार स्वभाव और सामाजिक दायित्व निभाने की प्रतिबद्धता हमारे लिए प्रेरणा है। गुलाबी गैंग के हर कार्यक्रम में उनका सहयोग हमें नई ऊर्जा प्रदान करता है। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एकजुट होकर संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया। समारोह सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर संघर्ष सेवा समिति से मनोज रेजा, राजू सेन, राकेश अहिरवार, सुशांत गेड़ा, बसंत गुप्ता, सिद्धांत गुप्ता आदि उपस्थित रहे।