Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

एसडीएम से शिकायत कर ग्रामीणों ने की कार्यवाही की मांग
KAUSHAMBI NEWS: सिराथू तहसील अंतर्गत नगर पंचायत सिराथू के वार्ड नम्बर एक में सरकारी अभिलेखों में दर्ज नवीन परती के खाते की भूमि पर अवैध कब्जे की प्रयास को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आपत्ति जताई है। सोमवार को दर्जनों ग्रामीण तहसील परिसर पहुंचकर एसडीएम सिराथू को शिकायती पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है । गीता देवी , सुनील कुमार , शोभा , गुड्डी , मालती , रमिता , ननकी , शिला , ज्ञानमती , मोहिनी , मीरा , संतोषी आदि ग्रामीणों का आरोप है कि नवीन परती के खाते में दर्ज भूमि राजस्व अभिलेखों के अनुसार सरकारी संपत्ति है। इसके बावजूद बीते कुछ दिनों से कुछ व्यक्तियों द्वारा इस भूमि पर अवैध निर्माण और कब्जे के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई न हुई तो सरकारी जमीन पर स्थायी अतिक्रमण का जोखिम बढ़ जाएगा। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि उक्त सरकारी भूमि उनकी पट्टे से संबंधित जमीन के सटे हिस्से में आती है, और अवैध कब्जे की वजह से उनकी वैध भूमि पर भी प्रभाव पड़ सकता है। ग्रामीणों ने कहा कि अतिक्रमण करने वाले लोग न तो किसी प्रकार की अनुमति दिखा पा रहे हैं और न ही राजस्व विभाग से कोई वैध कागज़ात प्रस्तुत कर रहे हैं।ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को दिए प्रार्थना–पत्र में यह भी कहा कि उन्होंने पहले स्तर पर स्थानीय राजस्व अधिकारियों को मौखिक रूप से अवगत कराया था, लेकिन अतिक्रमण की स्थिति लगातार बढ़ती देख अब उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने मांग की कि राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेजकर सीमांकन कराया जाए, अवैध कब्जाधारियों को तत्काल हटाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ राजस्व संहिता के अंतर्गत कार्रवाई की जाए।
उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कहा कि राजस्व विभाग तथा लेखपाल को मौके पर भेजकर रिपोर्ट तलब की जाएगी। प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर अवैध
अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन समय रहते हस्तक्षेप कर इस सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराएगा, जिससे उनकी पट्टे की भूमि सुरक्षित रह सके।