समितियों में यूरिया खाद की किल्लत को लेकर सकिपा ने किया प्रदर्शन, नारेबाजी कर सौपा ज्ञापन

जिले में तहसील स्तर पर उर्वरक रैक प्वाइंट स्थापित किए जाएं… मुन्नालाल तिवारी
KAUSHAMBI NEWS: समर्थ किसान पार्टी के तत्वावधान में सोमवार 24 नवम्बर को समितियों में यूरिया खाद की किल्लत को लेकर जिला सहकारिता निबंधक कार्यालय मे प्रदर्शन, नारेबाजी कर जिला सहायक सहकारिता निबंधक अधिकारी राम सुमन सिंह को एक ज्ञापन सौंपा गया। सौंपे गए ज्ञापन में जिले भर की समितियों में यूरिया की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति करने और किसानो को यूरिया वितरित करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल थी। इसके पूर्व पार्टी के तत्वावधान में विकास भवन परिसर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी की अगुवाई में बैठक की। बैठक में बोलते हुए जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी ने कहा कि जिले भर उर्वरक की रैक स्थापित न होने से किसानों को समय पर उर्वरक नही मिल पाता है। इसलिए जिले में तहसील स्तर पर उर्वरक रैक स्थापित किया जाना चाहिए। आगे कहा कि किसानों को इस समय यूरिया खाद चाहिए लेकिन जिले की कई समितियों में यूरिया खाद उपलब्ध न होने से किसानो को दिक्कत हो रही है जिसे कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने विकास भवन परिसर स्थित जिला सहकारिता निबंधक अधिकारी कार्यालय का घेराव किया और नारेबाजी करते हुए सहायक जिला सहकारिता निबंधक अधिकारी राम सुमन सिंह को एक पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में जिले की सभी समितियों जैसे उदहिन खुर्द, मानपुर गौरा आदि में पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराए जाने और किसानों को यूरिया वितरित किए जाने, साधन सहकारी समिति उदहिन खुर्द के जर्जर भवन के पुनर्निर्माण कराए जाने, उदहिन खुर्द, मो पुर पैईशा आदि समितियों में स्थाई रूप से सचिवों की नियुक्ति किए जाने, समितियों में किसानो को बैठने, शौचालय और पेयजल आदि की व्यवस्था कराए जाने और जिले की तीनो तहसीलों में उर्वरक रैक प्वाइंट स्थापित किए जाने जैसी मांगे शामिल थीं। इस अवसर पर पार्टी नेता अजय सोनी, सुजीत कुमार, राजेश गौतम, सुनील गौतम, फूलचंद्र लोधी, अनिल यादव, अंकित यादव, जुम्मन अली आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *