Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। एमबीबीएस फर्स्ट ईयर के छात्रों ने आरोप लगाया है कि सीनियर छात्र रोजाना रात 9 बजे के बाद जेआर हॉस्टल में पहुंचकर उन्हें रैगिंग के नाम पर परेशान करते हैं और बेल्ट सहित अन्य सामानों से मारपीट तक करते हैं। छात्रों ने अपनी शिकायत गुमनाम तरीके से दर्ज कराई है। उनका कहना है कि 2024 बैच के सीनियर लगातार 2025 बैच के छात्रों को डराते-धमकाते, गाली-गलौज करते और मारपीट करते हैं। विरोध करने पर उन्हें अलग-अलग तरीके से धमकाया जाता है, जिसके कारण हॉस्टल में दहशत का माहौल बना हुआ है। पीड़ित छात्रों ने बताया कि वे अपनी पहचान उजागर नहीं करना चाहते क्योंकि उन्हें सीनियर्स से खतरा है और कॉलेज प्रशासन भी उनकी बात सुनने को तैयार नहीं है। इसी वजह से उन्होंने मामला राष्ट्रीय एंटी-रैगिंग पोर्टल पर दर्ज कराया है और कार्रवाई की मांग की है। घटना सामने आने के बाद कॉलेज परिसर में सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के मुताबिक रैगिंग विरोधी बोर्ड और साइनेज लगाए गए हैं। उधर, कॉलेज प्राचार्य डॉ. आर. के. मौर्य ने बताया कि उन्हें यूजीसी की ओर से रैगिंग और मारपीट की शिकायत का मेल प्राप्त हुआ है। मामला एंटी-रैगिंग कमेटी को सौंप दिया गया है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि अब तक कोई छात्र व्यक्तिगत रूप से सामने नहीं आया है, लेकिन यदि कोई शिकायत करता है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कॉलेज प्रशासन रैगिंग के आरोपों की जांच में जुटा हुआ है।