वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर फतेहपुर में ‘अमर योगदान उत्सव’ कार्यक्रम आयोजित

FATEHPUR NEWS: जनपद के मलवा विकासखंड स्थित ओम ग्राम सभा के आदर्श जनता इंटर कॉलेज में ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने पर ‘अमर योगदान का उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के बच्चों द्वारा राष्ट्रगान प्रस्तुत करने के साथ हुआ। इस अवसर पर जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि यह कार्यक्रम पूरे देश में विभिन्न स्थानों पर मनाया जा रहा है। उन्होंने ‘वंदे मातरम’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भारत का राष्ट्रीय गीत है और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का प्रतीक है, जिसने लोगों को एकजुट किया। यह गीत बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा लिखा गया था और 1950 में इसे राष्ट्रीय गीत के रूप में अपनाया गया। ‘वंदे मातरम’ मातृभूमि के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त करता है। विधायक पटेल ने आगे कहा कि भारत वेदों का ज्ञान करता है। उन्होंने उल्लेख किया कि प्राचीन काल में देवी-देवता भी वेद पद्धति से ऋषियों द्वारा शिक्षा ग्रहण करते थे, जिससे देश ‘सोने की चिड़िया’ कहलाता था। उन्होंने वर्तमान संदर्भ में कहा कि देश में बढ़ रही इस्लामी गतिविधियों को रोकने के लिए प्रधानमंत्री और संघ मिलकर देश को ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए मतदाता पुनरीक्षण का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि देश में छिपे आतंकी गतिविधियों से जुड़े लोगों की पहचान की जा सके।
विधायक ने सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया, जिससे देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा और भारत की वेद भूमि की धरोहर को संजोया जा सकेगा। कार्यक्रम का समापन बच्चों द्वारा ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, विद्यालय प्रबंधक श्री चंद आर्य, सेक्टर अध्यक्ष बलबीर सिंह, मंडल अध्यक्ष अरुण शुक्ला, देवमई मंडल के मंत्री भारत सिंह, शिवकरण महाराज, आनंद पटेल, प्रेम पटेल, प्रधानाचार्य सुप्रिया सिंह और शिक्षक राज नारायण सिंह भदोरिया सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *