Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: प्राथमिक विद्यालय हरनवा में शिक्षामित्र से मारपीट और गाली-गलौज के मामले में असोथर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 15 नवंबर 2025 की दोपहर करीब 2:30 बजे हुई, जब युवक विद्यालय परिसर में घुस आया और शिक्षामित्र के साथ अभद्रता करने लगा। पीड़िता निशा सिंह, जो प्राथमिक विद्यालय हरनवा में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं, ने अपनी तहरीर में बताया कि विवेक सिंह नामक युवक अचानक विद्यालय में पहुंचा। उसने उन्हें गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। विवेक सिंह राजेंद्र सिंह उर्फ झल्लर सिंह गौतम का पुत्र और हरनवा का निवासी है। शिक्षामित्र निशा सिंह के अनुसार, आरोपी युवक ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। उसने हाथ में हंसिया लेकर अन्य शिक्षकों में दहशत फैलाने की कोशिश की। विद्यालय के अन्य अध्यापकों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया और उसे समझाया कि स्कूल परिसर में ऐसी अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, लेकिन वह नहीं माना। पीड़िता ने अपनी तहरीर में यह भी लिखा कि ऐसी घटनाएं सरकारी कार्य में बाधा डालती हैं और महिला शिक्षकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई भी महिला शिक्षिका इस तरह की स्थिति का सामना न करे।
थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी ने बताया कि शिक्षिका की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दबिश दी और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश कर दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।