Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: साइबर क्राइम पुलिस ने सेक्सटॉर्शन के नाम पर लोगों को डराकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे और अश्लील वीडियो देखने का झूठा आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज करने की धमकी देते थे। डरकर कई लोग इन्हें पैसे भेज देते थे। पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर साइबर क्राइम टीम कई दिनों से संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर में कुछ लोग इस तरह की ठगी कर रहे हैं। पुलिस ने छापेमारी कर त्रिभुवन सिंह उर्फ राम सनेही, राहुल सिंह और जितेंद्र सिंह को पकड़ लिया। इनके पास से ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। ये आरोपी अलग-अलग नामों से फर्जी सिम कार्ड लेते थे। लोगों को कॉल कर कहते थे कि उन्होंने मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखा है। इसके बाद गिरफ्तारी का डर दिखाकर पैसे वसूलते थे। ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में मंगवाई जाती थी और जनसेवा केंद्रों के माध्यम से निकाली जाती थी। इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही एनसीआरपी पोर्टल पर भी यूपी और अन्य राज्यों से इनके खिलाफ कई शिकायतें मिली हैं। पुलिस ने उक्त तीनों को ग्राम भगवानपुर नहर पटरी से 23 नवंबर दोपहर करीब 1 बजे गिरफ्तार किया था। पुलिस की टीम अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है। लोग किसी भी तरह की साइबर ठगी की शिकायत तुरंत 1930 नंबर पर कर सकते हैं।