Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: जनपद के तेलियानी विकास खंड की ग्राम पंचायत बकंधा में एक एएनएम सेंटर पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा है। यह सेंटर गांव की गर्भवती महिलाओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। लगभग 35 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत इस एएनएम सेंटर का निर्माण कार्य तीन साल पहले शुरू हुआ था। हालांकि, बजट के अभाव के कारण यह परियोजना अधूरी रह गई है। वर्तमान में, स्वास्थ्य केंद्र पंचायत भवन के एक छोटे से कमरे से संचालित किया जा रहा है, जिसमें पर्याप्त जगह और आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। गांव के पूर्व प्रधान जुल्फिकार अहमद, शमीम अहमद, नसीम अहमद, शिव देवी और कलावती ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र के अधूरा होने के कारण गर्भवती महिलाओं को प्रसव या सामान्य जांच के लिए जिला अस्पताल जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में ग्राम प्रधान शिव कांति यादव ने बताया कि निर्माण कार्य रुकने का मुख्य कारण शासन से बजट का न मिलना है। उन्होंने जानकारी दी कि ठेकेदार को अब तक केवल 16 से 18 लाख रुपये का ही भुगतान हो पाया है, जिसके कारण ठेकेदार ने काम रोक दिया है।